हाथरस। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन ईओडब्ल्यू कानपुर सेक्टर की टीम ने छात्रवृति घोटाले में दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार। यह घोटाला 62 शैक्षणिक संस्थानों और मदरसों से जुड़ा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मवीर सिंह और सर्वेश पचौरी के रूप में हुई है। धर्मवीर सिंह मदरसा मोहम्मद साहब इस्लामिया फोकानिया सिकंदराराऊ, हाथरस के प्रबंधक हैं, जबकि सर्वेश पचौरी कोषाध्यक्ष हैं। दोनों को हाथरस के सादाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अन्य शिक्षण संस्थानों के संचालकों के साथ मिलकर छात्रवृत्ति की धनराशि का गबन किया। यह मामला शैक्षणिक सत्र 2011-12 और 2012-13 के दौरान अल्पसंख्यक वर्ग के प्री-मैट्रिक छात्र-छात्राओं को दी जाने वाली छात्रवृत्ति से जुड़ा है। कुल 24,92,76,312 रुपए की छात्रवृत्ति राशि में बड़ी वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं। इस संबंध में थाना मुरसान में मुकदमा दर्ज है। जिसकी विवेचना शासनादेश के अनुसार ईओडब्ल्यू कानपुर सेक्टर को सौंपी गई थी। इससे पहले भी कई आरोपी संस्थान संचालकों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ईओडब्ल्यू की हालिया कार्रवाई से जिले के अन्य शैक्षणिक संस्थानों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। कई लोग भूमिगत हो गए हैं। उन्हें आशंका है कि अगले चरण में उन पर भी गाज गिर सकती है।