हाथरस। नेहरू युवती संगठन और महिला मंगल दल द्वारा गांव नगला अंता में नारी शक्ति अभियान चलाया। अभियान के तहत संगठन की अध्यक्ष कल्पना चौधरी ने महिलाओं को उनके हक और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी। महिलाओं और बच्चियों के विरुद्ध घटित होने वाले अपराधों एवं उनके उत्पीड़न के रोकथाम हेतु एक समग्र अभियान मिशन शक्ति चलाया जा रहा है जिसका प्रथम चरण शारदीय नवरात्रि 17 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक विशेष रुप से चलाया जा रहा है। जनपद स्तर पर सार्वजनिक स्थलों जैसे चौराहे बाजारों कॉलेज कोचिंग संस्थान एवं सार्वजनिक स्थलों को असामाजिक तत्वों से मुक्त कराए जाने तथा महिलाओं एवं छात्राओं के साथ राह चलते अभद्रता अश्लील टिप्पणी इत्यादि की घटनाओं को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सरकार द्वारा बेटियों के लिए योजनाओं के पत्रक वितरण किए। इस अवसर पर कृष्णा चौधरी,आशा,कुमकुम,पूनम,प्रीति,नारंगी देवी,रचना,सीमा,आरती आदि मौजूद रहे।