हरिगढ़। संघ प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत के प्रवास होने के बाद संघ के कार्यकर्ता आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट गए। हरिगढ़ विभाग में प्रांत स्तर के दो बड़े कार्यक्रम हैं, जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इन कार्यक्रमों में भी संघ के केंद्र और प्रांत के बड़े अधिकारियों के आने की संभावना है। इसलिए इनकी भी तैयारियां बड़े स्तर पर होनी है। मंगलवार को समीक्षा बैठक में विभाग कार्यवाह योगेश आर्य ने कहा कि अमूमन बड़े आयोजन होने के बाद लोग कुछ विश्राम लेते हैं, मगर संघ में ऐसा नहीं होता है। सतत साधना का नाम ही संघ है। संघ के कार्यक्रम निरन्तर चलते रहते हैं। मंगलवार को सभी फिर से सक्रिय हो गए। शाखा जाना साथ ही आगामी कार्यक्रमों की योजनाओं में लग गए। 30 मई को केशव सेवा धाम में संघ शिक्षा वर्ग लगने वाला है। इसमें बृज प्रांत के 29 जिलों के स्वयंसेवक शामिल होंगे। यह वर्ग 15 मई तक चलेगा। इसलिए इसकी बड़े स्तर पर तैयारी होगी। 30 मई से ही गोंडा मार्ग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में घोष वर्ग लगेगा। यह भी 15 दिनों का होगा। इसकी भी तैयारियों में संघ जुट गया है। योगेश आर्य ने कहा कि संघ का कार्य निरन्तर चलता रहता है। उन्होंने केशव सेवा धाम में संघ प्रमुख की व्यवस्था में लगे सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कहा, उनके अथक प्रयास से ही कार्यक्रम सफल हो पाया है। महानगर में भी कार्यकर्ता शाखाओं पर सक्रिय रहे, उन्होंने शाखाएं नियमित संचालित रखीं। उनका भी सराहनीय योगदान है। महर्षि वाल्मीकि भाग के भाग संघचालक प्रेमपाल सिंह ने कहा की संघ के कार्यकर्ताओ को जो भी जिम्मेदारी दी जाती है, उसे वह कर्तव्यनिष्ठा से पूर्ण करते हैं। उन्होंने स्वागत कक्ष की व्यवस्था को संभाला था। सह विभाग संघ चालक ललित कुमार, विभाग प्रचारक गोविंद ने भी केशव सेवा धाम में लगे सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
===============
प्रचार मीडिया रिपोर्ट आगरा भेजी
संघ प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत के प्रस्थान के बाद बृज प्रांत के प्रांतीय कार्यालय आगरा को मीडिया रिपोर्ट भेजी गई। विभाग प्रचार प्रमुख भूपेंद्र शर्मा ने अपनी पूरी टीम के साथ प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार को प्रचार मीडिया रिपोर्ट सौंपी। भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि संघ प्रमुख के पांच दिवसीय प्रवास में मीडिया में पंच परिवर्तन, संघ शताब्दी वर्ष को अच्छे से जगह दी गई। खासकर सामाजिक समरसता को लेकर मिडिया ने अच्छे से कवरेज किया। डाक्टर भीमराव आंबेडकर के सामाजिक समरसता के प्रयासों को भी प्रकाशित किया गया, जिसका समाज में अच्छा प्रभाव गया। प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने प्रचार विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।
इस मौके पर विभाग सह प्रचार प्रमुख राज नारायण सिंह, महानगर प्रचार प्रमुख दलवीर सिंह, सह प्रचार प्रमुख सुधीर शर्मा, भाग प्रचार प्रमुख भूपेंद्र सिंह, नगर प्रचार प्रमुख ऋषभ, सोशल मीडिया चेतन वार्ष्णेय, मनवीर तोमर, विवेक आदि मौजूद थे।
====
सभी के लिए सर्वोपरि हो राष्ट्र
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डाक्टर एपी सिंह ने विभाग प्रचारक गोविंद से मुलाकात की। केशव सेवा धाम में पहुंचे डाक्टर सिंह ने कहा कि संघ राष्ट्रीय विचारधारा पर कार्य कर रहा है। देश के प्रत्येक व्यक्ति को संघ की विचारधारा को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम सभी अलग अलग व्यवसाय, नौकरी आदि में रहते हैं। मगर, सभी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि होना चाहिए। राष्ट्र से ही हम सभी का वजूद है।