भारतीय सैनिको का वीरता एवं शौर्य का प्रदर्शन विश्व में बेमिसाल, झंडा दिवस पर स्मारिका पुस्तक का विमोचन

हाथरस । झंडा दिवस के अवसर पर कमाण्डर रघुवीर सिंह (अ0प्रा0) जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने जिलाधिकारी अर्चना वर्मा सहित कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रतीकात्मक झण्डे लगाकर अंशदान प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने स्मारिका पुस्तक का विमोचन किया।
जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने कहा कि यह दिवस भारतीय सशस्त्र बलों के सैनिको के कल्याण हेतु भारत की जनता की ओर से आर्थिक योगदान के लिए समर्पित दिन है, यह धनराशि से शहीद सैनिको के आश्रितों के कल्याण पर व्यय की जाती है। यह देश की सेना के प्रति सम्मान दिखाने उन जांवाज सैनिक के प्रति एकजुटता दिखने का दिन है जो देश की सुरक्षा में बलिदान हो गये। उन्होने कहा कि आधुनिक सैन्य इतिहास में भारतीय सैनिको ने हाईफा, रेजागंला, खेमकरन एवं कारगिल के मैदान में जो वीरता एवं शौर्य का प्रदर्शन किया विश्व में बेमिसाल है। भारतीय सेना ने प्राकतिक आपदाओं जो बचाव राहत कार्य किये वह भी भूरि-भूरि प्रशसनीय है। ऐसे में हर नागरिक का दायित्व बनता है कि सैनिक कल्याण कोष में अपना यथा सम्भव योगदान दें।
कमाण्डर रघुवीर सिंह ने कहा कि हमारे सशस्त्र सेनाओं के बहादुर जवान देश की सीमाओं की रक्षा में लगे हुए हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर देश के गौरव के लिए अपने प्राणों की आहूति दी है। इसके अतिरिक्त शांति कालीन विपदाओं जैसे बाढ, भूकम्प आदि के समय जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रतिवर्ष सैनिक झण्डा दिवस के अवसर पर कृतज्ञ राष्ट्र अपने बहादुर सैनिकों की सेवाओं को स्मरण करता है और यथा शक्ति इनके परिवारों के कल्याण के लिए अंशदान देता है। गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 07 दिसम्बर 2022 को सैनिक झण्डा दिवस जिला सैनिक कल्याण हाथरस द्वारा मनाया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी डा0 बसंत अग्रवाल, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट शिव सिंह, सैनिक कल्याण कार्यालय के रनवीर सिंह यादव, वीरेन्द्र कुमार तथा ओमवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
————————————————————–

error: Content is protected !!