हाथरस। मॉडल इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल गंगौली विकास खण्ड हाथरस के विद्यार्थियों द्वारा एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया गया। रविवार को सुबह सिकंदराराऊ विधानसभा विधायक श्री वीरेंद्र सिंह राणा ने हरी झंडी दिखाकर भ्रमण दल को रवाना किया। विद्यार्थियों ने ताजमहल का भ्रमण किया। उसके बाद म्यूजियम,आगरा का किला, सिकंदरा स्थित अकबर का मकबरा, एत्माउद्दोला,कैलाश व मनकामेश्वर मंदिर एवम नेचर पार्क भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्राचीन सभ्यता के बारे में जानकारी हासिल की। बच्चों ने भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक, भौगोलिक, साहसिक व सांस्कृतिक ज्ञान प्राप्त किया।शैक्षिक भ्रमण के बारे में श्री वीरेन्द्र सिंह राणा (विधायक) ने बताया कि वर्तमान समय में शिक्षा मंदिर एक मात्र ऐसा माध्यम रह गया है, जहां बच्चों को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए उन्हें विभिन्न विचार धाराओं से जोड़ा जाता है। स्कूल प्रबंधन का उत्कृष्ट प्रयास है कि बच्चों को शिक्षा के साथ ही बड़ो का आदर सत्कार, धार्मिक संस्कारों से अवगत कराया जाए। इससे बच्चों में प्रबुद्ध नागरिक बनने की नीव छोटी कक्षाओं से रखी जा सके। इसके अलावा बच्चों में हमारे इतिहास, परंपराएं और धार्मिक संस्कारों का ज्ञान रूपी भंडार दिए जाने की हमारी विशेष जिम्मेदारी बनती है।
वापिस स्कूल पहुंचने पर प्रधानाध्यापक हेमन्त कटारा ने सभी का आभार जताया। भ्रमण के दौरान विद्यालय के अध्यापक श्री जितेंद्र कुमार,श्रीमती दीक्षा शर्मा,श्री मनीष कुमार आदि व अभिभावक श्री मुकेश कुमार,श्रीमती जशोदा आदि साथ में रहे।