हाथरस । नेहरू युवा केंद्र हाथरस एवं माय भारत हाथरस के तत्वाधान में जिला युवा अधिकारी दिव्या शर्मा के निर्देशन में आज दिनांक 23.01.2025 को एस०पी० इंटर कॉलेज रमनपुर हाथरस में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एस०पी० इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य भुवनेश शर्मा द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी के छवि चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
प्रधानाचार्य भुवनेश शर्मा ने बताया कि पराक्रम अर्थात शौर्य, विक्रम, बल, शक्ति, सामर्थ्य, साहस है। भारत में हर साल साहस और वीरता का जश्न मनाया जाता है और इसी दिन को पराक्रम दिवस के नाम से जाना जाता है। पराक्रम दिवस हर भारतीय के लिए एक प्रेरणादायक दिन है। इस दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस के महान योगदान और उनके द्वारा दिखाए गए साहस के महत्व को समझने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। नेताजी आज भी हर भारतीय के दिल में बसे हुए हैं और पराक्रम दिवस उनके उस अदम्य साहस, निस्वार्थ सेवा और देशभक्ति को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। हर साल 23 जनवरी को भारत में पराक्रम दिवस मनाया जाता है। यह दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य पर मनाया जाता है।
जिला युवा अधिकारी दिव्या शर्मा ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्म 23 जनवरी 1897 को ओडिशा के कटक शहर में हुआ था। वह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी नेताओं में से एक थे। स्वतंत्रता की लड़ाई में नेताजी के योगदानों को कोई भी भारतीय कभी भी भूल नहीं सकता। भारत सरकार ने 2021 में इस दिन को “पराक्रम दिवस“ के रूप में घोषित किया ताकि नेताजी के साहसिक कार्यों और देशभक्ति की भावना को सम्मानित किया जा सके।
निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नंदिनी श्रोती, द्वितीय स्थान पल्लवी श्रोती एवं तृतीय स्थान पायल शर्मा ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन में निबंध प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिवम्, शीलेन्द्र, राघव, काव्य, राहुल, हर्षित, विशाल, अभिषेक, अंकुश, सुमित, आदित्य, आशु, अनुराग, शेखर, बंटू, ऋतु, विदिशा, भूमिका, लक्ष्मी, सूरज, मानव, चेष्टा, सूरज, सत्यम, मोनी, रूबी, तनु, अंशु, संदीप, देवू, अर्जुन, शेखर, अनुराग, मनोज आदि उपस्थित रहे।