सादाबाद। एथलेटिक्स खेलों में सादाबाद क्षेत्र के गंाव मंस्या के निवासी मोहन सिंह का नाम लगातार चमक रहा है। अब वह चेन्नई में आयोजित होने वाली एशिया मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप और सूरत में होने वाली नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की तैयारियों में जुट गए हैं। करीब 62 वर्षीय मोहन सिंह आर्य ने बातचीत के दौरान बताया कि पांच से आठ नवंबर तक चेन्नई में एशिया मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एशिया के सभी देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके अलावा सूरत में नेशनल मास्टर्स एथलेक्टिस चेंपियनशिप 2025 का आयोजन 10 से 12 अक्तूबर तक होगा, जिसमें भारत के खिलाड़ी भाग लेंगे। इन दोनों चैंपियनशिप में वह अपनी उम्र के वर्ग में प्रतिभाग कर पदक जीतकर अपने क्षेत्र और भारत देश का नाम रोशन करेंगे। मोहन सिंह ने बताया कि उक्त दोनों चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए वह तैयारियों में जुटे हुए हैं। वह नियमित रूप से सुबह छह बजे से आठ बजे तक और शाम को पांच बजे से सात बजे तक दौड लगा रहे हैं। इसके अलाखा खानपीन का भी विशेष ध्यान रख रहे हैं। उन्होने क्षेत्र के युवाओं से भी ऐसी चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर अपने क्षेत्र व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया है।
– हाल ही में श्रीलंका व नैपाल में जीते थे पदक
हाल ही में श्रीलंका व नेपाल में हुईं मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी एथलेटिक्स खिलाड़ी मोहन सिंह आर्य ने भाग लिया था। इन चैंपियनशिप में भी मोहन सिंह आर्य ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। मोहन सिंह ने नेपाल में तीन स्वर्ण पदक जीते थे। श्रीलंका में एक रजत पदक और तीन कांस्य पदक जीतकर अपने क्षेत्र व अपने देश का नाम रोशन किया था।