हाथरस । जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय द्वारा रबी विपणन वर्ष 2025-26 के अन्तर्गत जनपद में गेहँू खरीद हेतु खाद्य विभाग के 07, भारतीय खाद्य निगम के 03 तथा क्रय संस्था पी0सी0एफ0 के 54 कुल 64 गेहूँ क्रय केन्द्र अनुमोदित किये गये हैं। दिनांक 01.04.2025 से जनपद में कतिपय गेहूँ क्रय केन्द्रों पर सरकारी गेहूँ खरीद प्रारम्भ हो गयी है। जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में जिला खाद्य विपणन अधिकारी, हाथरस द्वारा क्रय संस्था खाद्य विभाग द्वारा संचालित हाथरस एवं सादाबाद मण्डी स्थित गेहूँ क्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के समय गेहूँ क्रय केन्द्र सादाबाद मण्डी प्रथम पर कृषक श्री कृपाल सिंह पुत्र श्री फूल सिंह निवासी ग्राम नगला चाँद, कुरसंडा, सादाबाद (पंजी0सं0-1440139343) तथा गेहूँ क्रय केन्द्र सादाबाद मण्डी द्वितीय पर कृषक श्री कृष्णवीर सिंह पुत्र श्री मान सिंह निवासी-नगला धान, कुरसंडा, सादाबाद (पंजी0सं0-1440135431) के गेहूँ की तौल की जा रही थी। इसी प्रकार हाथरस मण्डी स्थित गेहूँ क्रय केन्द्र हाथरस मण्डी प्रथम पर कृषक श्री रामकुमार पुत्र श्री चन्द्रपाल सिंह निवासी-जगीपुर, हाथरस (पंजी0सं0-1440130645 ) तथा गेहूँ क्रय केन्द्र हाथरस मण्डी द्वितीय पर कृषक श्री चन्द्रपाल सिंह पुत्र श्री लालाराम निवासी-जगीपुर, हाथरस (पंजी0सं0-1440138119) से खरीद की गयी।
अद्योहस्ताक्षरी द्वारा केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि कृषकों से सम्पर्क कर गेहूँ खरीद में अपेक्षित प्रगति लाना सुनिश्चित करें।
सरकारी गेहूँ खरीद दिनांक 15 जून, 2025 तक जारी रहेगी। कृषकों को अधिक से अधिक लाभान्वित कराये जाने की मंशा से शासन द्वारा गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425/- प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया है। गेहूँ विक्रय हेतु कृषकों द्वारा खाद्य विभाग के पोर्टल www.fcs.up.gov.in पर पूर्व से पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा तथा पंजीकृत कृषकों से ही गेहूँ क्रय किया जायेगा। कृषक गेहूँ विक्रय हेतु पंजीकरण स्वयं के मोबाइल से, अथवा साइबर कैफे से या किसान मित्र ऐप से कर सकते है। शिकायत, सुझाव एवं समस्या निराकरण हेतु विभाग का टोल फ्री नम्बर 18001800150 है।
गेहूँँ विक्रय के समय पंजीकरण प्रपत्र के साथ आधार कार्ड, खतौनी की छाया प्रति साथ लाना होगा। साथ ही आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक कराना होगा एवं बैंक खाते को एन0पी0सी0आई0 से मैप्ड कराना होगा जिससे विक्रय किये गये गेहूँँ का भुगतान समय से प्राप्त हो सके। वर्तमान में गेहूँँ विक्रय हेतु पंजीकरण प्रारम्भ हो चुका है। जनपद में अब तक गेहूँ विक्रय हेतु 1064 कृषकों द्वारा पंजीयन कराया गया है।