गर्भवती महिलाओं एवं 0-5 साल तक के बच्चे का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश

हाथरस । सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 के सफल क्रियानवयन के संबंध में जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक करते हुए गर्भवती महिलाओं एवं 0-5 साल तक के बच्चे का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 के तहत किये जाने वाले सर्वे के दौरान कोई भी बच्चा 0-5 वर्ष तथा गर्भवती महिला किसी भी दशा में छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 का मुख्य उद्देश्य टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों/गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाना है, यदि सर्वे के दौरान कोई भी बच्चा/गर्भवती महिला छूट जाता है तो वह पुनः टीकाकरण से वंचित रह जायेगा। जिससे उद्देश्य की प्राप्ति नहीं होगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आशा/आंगनबाड़ी कार्यत्रियों के माध्यम से घर-घर जाकर सर्वे कराने के निर्देश दिए। छूटे हुए बच्चों/गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर शतप्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से कोई भी बच्चा व गर्भवती महिला वंचित न रहे इसके लिये आशा, आंगनबाड़ी व ग्राम प्रधानों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाने तथा मिशन इन्द्रधनुष अभियान के संबंध में बैनर्स, पोस्टर लगाये जाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 मंजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में टीकाकरण से छूटे लगभग 0 से 5 वर्ष के बच्चे 20626 एवं गर्भवती महिलायें 4129 का टीकाकरण किया जायेगा। जिसमें प्रथम चक्र 7 अगस्त, 2023 से 12 अगस्त 2023 तक, वहीं दूसरा चक्र 11 सितम्बर, 2023 से 16 सितम्बर 2023 तक व तीसरा चक्र 9 अक्टूबर 2023 से 14 अक्टूबर 2023 तक चलेगा। जिसके लिए जनपद कुल 753 सत्र आयोजित किये जायेंगे, जो मिशन इन्द्रधनुष 5.0 के प्रथम चरण 07 से 12 अगस्त, 2023 के दौरान समस्त लाभार्थियों को आच्छादित किया जायेगा। मिशन इन्द्रधनुष के अन्तर्गत बच्चों/गर्भवती को 11 जानलेवा बीमारियों जैसे- टी०बी, हैपेटाइटिस-बी, पोलियो, गलघोटू काली खाँसी, टिटनेस, रोटा वायरस, निमोनिया, खसरा, रूबेला, एवं हिब सक्रमण के बचाव हेतु टीकाकरण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मिशन इन्द्रधनुष 5.0 के अन्तर्गत जनपद के समस्त ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आशा एवं लिंक वर्कर के माध्यम से सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा अभियान हेतु कार्ययोजना तैयार कर ली गयी है। टीकाकरण से सम्बन्धित समस्त वैक्सीन जनपद में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा लक्ष्य के सापेक्ष सभी ब्लॉकों को आवंटित कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि मना/झिझक वाले परिवारों से समन्वय स्थापित कर लिया गया है, तथा मिशन इन्द्रधनुष 50 के अन्तर्गत जनपद में शतप्रतिशत बच्चों को आच्छादित कराया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, समस्त अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, अपर जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समाजसेवी अशोक कपूर तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
————————————————————–

error: Content is protected !!