हाथरस: भारतीय किसान यूनियन (भानू) और ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय के पर भू-माफियाओं के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव नगला दना में सरकारी बंजर जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है और निर्माण कार्य भी चल रहा है। संगठन के मंत्री सत्येंद्र कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा गया कि विधवा महिला कुसुम की कृषि भूमि पर भी दबंगों द्वारा फिर से कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया और स्थानीय पुलिस भी मदद नहीं कर रही है। इस मुद्दे पर प्रधान गजेंद्र कुमार (शास्त्री) ने भी जिलाधिकारी को पत्र लिखकर भू-माफियाओं के आतंक को खत्म करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि अवैध कब्जों को तुरंत हटाया जाए और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। इस प्रदर्शन में सैकड़ों ग्रामीण और संगठन के सदस्य शामिल हुए। वहीं, जिलाधिकारी ने भारतीया किसान यूनियन भानू के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि कब्जा की गई जमीन को खाली कराया जाएगा और चल रहे निर्माण कार्य को भी रोका जाएगा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष हीरेंद्र सिंह यादव, प्रधान नवीन कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण कांत शर्मा और प्रदेश महासचिव मंडल मिडिया प्रभारी मोहम्मद सलमान जैसे कई पदाधिकारी सैकड़ो गांव के लोग उपस्थित रहे।