हाथरस । आगामी त्यौहारों रामनवमी, मूर्ति विसर्जन, दशहरा मेला, रावण दहन, दीपावली आदि के दृष्टिगत जनपद में कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु थाना हाथरस जंक्शन में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा के साथ बैठक करते हुए संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी पर्व निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को संबंधित क्षेत्राधिकारी पुलिस, संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों के साथ मूर्ति पाण्डाल स्थल, मूर्ति विसर्जन स्थलों, रावण दहन स्थलों का भ्रमण कर यथा आवश्यक व्यवस्थाऐं जैसे साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत, अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कोई भी नई परम्परा का प्रारंभ नहीं किया जायेगा, साथ ही उन्होंने कार्यक्रम आयोजकों से संपर्क कर कार्यक्रम स्थलों पर वालंटियर की तैनाती किये जाने के निर्देश दिए। समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को नगरीय क्षेत्र एवं जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में रावण दहन स्थलों के अलावा सार्वजनिक जगहों एवं प्रमुख चौराहों पर अभियान चलाकर साफ-सफाई कराये जाने के निर्देश दिए। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पानी, प्रकाश, एम्बुलेंस, पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही बेरीकेटिंग कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चिन्हित स्थल पर मूर्ति विसर्जन संपन्न कराया जाए, विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। विसर्जन स्थलों पर गोताखोर भी तैनात रखे जाये। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन स्थलों, विसर्जन के समय शोभा यात्रा में डीजे निर्धारित मानक के अनुरूप ही बजायें जाये। धार्मिक आयोजनों के दौरान अश्लील नृत्य, गाने न बजायें जाये। शोभा यात्रा, विसर्जन यात्रा पूर्व निर्धारित रूटों पर ही निकाली जाये। परंपरागत रूप से जो भी कार्यक्रम होते रहे हैं वही आयोजित किए जाएं, कोई भी नई परंपरा न जोड़ी जाए।
इस दौरान उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों व क्षेत्राधिकारी पुलिस/थानाध्यक्षों से उनके क्षेत्रों में मूर्ति पाण्डाल स्थल, मूर्ति विसर्जन, रामलीला, दशहरा मेला, रावण दहन स्थलों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिये कि सभी डीजे संचालकों को निर्देाित करें कि डीजे मानक के अनुरूप ही बजाये। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि विजयदशमी पर होने वाले रावण दहन में बनाये जाने वाले पुतलों में विस्फोटक सामग्री पर नजर रखे। उन्होंने पुलिस बल के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निरंतर भ्रमणशील रहते हुए कार्यक्रमों की गतिविधियों पर नजर बनाये रखें।
अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी पुलिस, मुख्य चिकित्साधिकारी, आबकारी अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, खण्ड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।